मैं सुसाइड करना चाहती हूं...:BPSC पेपर लीक के बाद लड़कियां बोलीं-अब सब खत्म हो गया है, शादी करा देंगे घरवाले
मैं सुसाइड करना चाहती हूं...:BPSC पेपर लीक के बाद लड़कियां बोलीं-अब सब खत्म हो गया है, शादी करा देंगे घरवाले
पटना
पटना में 6 साल से रहकर BPSC की तैयारी कर रहीं भागलपुर की साक्षी और श्रेया को पेपर लीक के बाद परिवार वालों ने घर बुला लिया है। दोनों पर शादी का दबाव है। 16 मई की रात दोनों ने किरण हेल्पलाइन नंबर पर फोन किया और कहा-हमारे मन में सुसाइड का ख्याल आ रहा है। फिर मनोचिकित्सक ने दोनों बहनों और परिवार की अलग-अलग काउंसिलिंग की।
श्रेया-साक्षी और सीमा के मन में सुसाइड और कैरियर खत्म होने का ख्याल आने का यह इकलौता मामला नहीं है। BPSC पेपर लीक के बाद 10 दिन में 250 से ज्यादा ऐसे ही फोन आए हैं। इसमें से ज्यादातर लड़कियां हैं, जो बीपीएससी की तैयारी कर रही थीं। कैंडिडेट्स डिप्रेशन में हैं। BPSC पेपर लीक के बाद भविष्य की चिंता को लेकर वह अब सुसाइड तक की सोच रहे हैं।
दैनिक भास्कर ने जब मनोचिकित्सकों के साथ एक्सपर्ट से बात की तो चौंकाने वाले मामले सामने आए... जानिए आखिर किन वजहों से ऐसे विचार आते हैं और इससे बचने के लिए क्या करें? इससे पहले पोल में हिस्सा लेकर अपनी राय जरूर दें....
जानिए कैसे दिमाग पर हुआ असर
पटना के मनोचिकित्सक डॉ. मनोज कुमार का कहना है कि BPSC पेपर लीक के बाद लगातार उनके पास स्टूडेंटस की कॉल आ रही है। निराशा और डिप्रेशन के साथ सुसाइड करने के ख्याल तक की जानकारी मिल रही है। स्टूडेंट्स को मोटीवेट किया जा रहा है, उन्हें मानसिक रूप से मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है,जिससे वह बिना डॉक्टरी सलाह के नींद की गोली नहीं खाएं। इसके साथ ही डिप्रेशन में कोई रूप गलत कदम नहीं उठाएं, इसके लिए भी काउंसलिंग की जा रही है।
क्यों आते हैं सुसाइड के ख्याल
तनाव के कारण शरीर में कोर्टिसोल हार्मोंस की मात्रा बढ़ जाती है, इससे स्ट्रेस हार्मोंस तेजी से बढ़ता है। इस कारण से व्यक्ति डिप्रेशन में चला जाता है। मस्तिष्क में जब कोर्टिसोल बड़ता है तो नकारात्मक विचार आते हैं जिससे सुसाइड तक करने के ख्याल आते हैं। ऐसे लोग परिवार से कटने लगते हैं, वह लोगों से दूरी बनाते हैं। कहीं मन नहीं लगता है, इस कारण से वह नींद की गोलियां या अन्य नशा का सहारा लेते हैं। ऐसे लोगों की काउंसलिंग जरूरी होती है नहीं तो खतरा बढ़ जाता है।
लक्षण और बचाव
चिड़चिड़ापन
थकान
हथेली में पसीना आना
बार-बार एक ही विचार आना
ब्रेन में भारीपन
कमजोरी और धड़कन तेज होना
जनरल एंगजायटी
यह आदत में लाएं
व्यायाम अवश्य करना है
अपनी नियमित दिनचर्या में सुधार लाएं
पौष्टिक आहार लें
तरल पदार्थ ज्यादा लें
अच्छी नींद के लिए योग ध्यान जरूरी
चिकित्सक की सलाह पर दवाएं लें
उम्मीद के साथ टूट गए स्टूडेंट्स
पटना में राज्य के अलग अलग जिलों से आकर स्टूडेंट्स प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करते हैं। स्टूडेंट्स के साथ परिवार वालों को भी काफी उम्मीद होती है। BPSC पेपर लीक के बाद उम्मीदों के साथ स्टूटेंट के सपने टूट गए हैं। इस कारण से वह डिप्रेशन के शिकार हुए हैं। पटना में कोचिंग करने वाले अधिकतर स्टूडेंट्स इस घटना के बाद कोचिंग छोड़ दिए हैं, परिवार से भी वह दूर हो गए हैं।
मनोचिकित्सकों को फोन कर पूछ रहे इलाज
BPSC पेपर लीक के बाद मनोचिकित्सकों के पास स्टूडेंट्स की कॉल आ रही है। वह अपनी पीड़ा बताकर समस्या का समाधान पूछ रहे हैं। मनोचिकित्सकों के पास आ रही समस्या में कई गंभीर मामले हैं। हर रोज 25 से अधिक कैंडिडेट्स के फोन आ रहे हैं। इसके पहले हेल्पलाइन पर इक्का-दुक्का ही फोन आते थे।
ऐसे-ऐसे फोन आ रहे हैं
केस एक : पटना में 5 साल से BPSC की तैयारी कर रहे बृजेश ने मनोचिकित्सक को फोन कर सुसाइड जैसे विचार आने की बात कही है। स्टूडेंट्स का कहना है कि BPSC का पेपर लीक होने के बाद अब उम्मीद टूट गई है, घर वालों को काफी उम्मीद थी, लेकिन अब कैरियर ही खत्म हो गया है।
केस दो : ऐसा ही कुछ पटना में रहकर तैयारी कर रही सीमा ने काउंसलर को बताया कि उम्मीद काफी थी, लेकिन परीक्षा कैंसिल होने से वह टूट गई है। अब एक साथ कई नींद की गोलियां खा रही है। घरवालों ने आखिरी मौका दिया था। अब शादी का दबाव बढ़ेगा, जिससे उसका कैरियर ही खत्म हो जाएगा।
केस तीन :7 साल से पटना में रहकर तैयारी करने वाले लखीसराय के मनोज का कहना है कि घर की स्थिति ठीक नहीं है, इसके बाद भी परिवार वाले उम्मीद में तैयारी करवा रहे थे। इस बार BPSC परीक्षा से काफी उम्मीद थी, लेकिन पेपर आउट होने के बाद अब सब कुछ खत्म हो गया है। अब तो जीवन का कोई उद्देश्य ही नहीं बचा, बस खुद को खत्म कर लेने का ख्याल आ रहा है।
Comments
Post a Comment